छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में लूट की घटना को अंजाम देने के लिए दो युवक देशी कट्टा व बंदूक लेकर घूम रहे थे। जिन्हें किसी घटना से पहले पुलिस ने धरदबोचा। उनके पास से पुलिस ने हथियार जब्त किया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक कल पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक देशी कट्टा व सिंगल बैरेल की बंदूक लेकर ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में घूम रहे हैं। ऐसे में पुलिस की टीम उनकी खोजबीन शुरू कर दी। जहां ट्रांसपोर्ट नगर अमलीभौना रोड पर 2 संदिग्ध युवक घूमते नजर आए। पुलिस को देखकर दोनों युवक खेत में भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद युवकों से पूछताछ करने पर एक युवक ने अपना नाम मिथलेश महतो निवासी टूर्कुमुड़ा बताया और पुलिस ने जब उसकी तालाशी ली, तो उसके कमर में एक देशी कट्टा व पाॅकेट में 2 जिंदा कारतूस मिला। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। वहीं उसके साथी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नितेश राय निवासी टिकरापारा जूटमिल बताया। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि पुलिस को आता देख उसने खेत में सिंगल बैरेल की बंदूक को फेंक दिया है। जिसके बाद उसके साथ मौके पर जाकर बंदूक को भी जब्त किया गया। सूनसान सड़क पर लूटपाट करते थे
आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि देशी कट्टा व बंदूक दिखाकर वे ट्रक ड्रायवरों को सूनसान सड़क पर रोकते हैं और लूटपाट की घटना को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि लूटपाट करने एवं डराने के लिए एक बड़ी वाली बंदूक रखे थे। आरोपियों के पास मिले हथियार के दस्तावेज पूछे गए, तो उनके पास कुछ नहीं होना बताया। ऐसे में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


