भारतीय जनता पार्टी के बूथ से लेकर केंद्रीय स्तर तक चल रहे संगठन पर्व और उसकी संरचना को लेकर नगर मंडल सिरोही की बैठक वैधनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में हुई। इसमें मंडल संरचना कार्य को गति देकर और अध्यक्ष पद के लिए योग्य कार्यकर्ताओं से नाम लेकर पैनल बनाया गया। मंडल संरचना चुनाव अधिकारी हीरालाल चौधरी ने गाइडलाइन से अवगत करवाया। संगठन पर्व के अगले चरण की शुरुआत पर कहा कि इसमें बूथ अध्यक्षों के चयन के बाद मंडल अध्यक्ष पद के लिए पार्टी ने नाम आमंत्रित किए हैं, जिसमें अनुभवी व सक्रिय सदस्य को वरीयता देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नाम पर प्रदेश व जिला संगठन द्वारा उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने सभी से बेहतर अनुशासन में रहने की सलाह देकर इसे सर्वोपरि बताया। सहायक चुनाव अधिकारी लोकेश खण्डेलवाल ने संगठन संरचना को महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि संगठन पर्व का उद्देश्य पार्टी की गतिविधियों को और अधिक गतिशील बनाना और संगठन को मजबूत बनाना है। खंडेलवाल ने पार्टी की भावनाओं से अवगत करवाते हुए बताया कि शीर्ष नेतृत्व सर्वसम्मत नाम के चयन को तवज्जो देगी, जिसमें कार्यकर्ता की परफॉर्मेंस महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें संगठन नेतृत्व उक्त कार्यकर्ता के द्वारा समय समय पर पार्टी के अभियान, कार्यक्रम में भूमिका और कार्य कुशलता, सक्रियता, निष्ठा आदि पर फोकस करके घोषणा करेगी। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सभापति ताराराम माली ने प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने और स्थानीय वार्ड समिति की गतिशीलता को बेहतर बनाने के लिए कार्यकर्ताओ को समर्पण भाव से काम करने का सुझाव दिया। इसी प्रकार किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गणपतसिंह राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार है और हमारी जिम्मेदारी अधिक बनती है कि हम जनहित के कार्यों में अग्रणी रहे। सभी से अपील कर कहा कि प्रत्येक बूथ पर समाज का हर वर्ग पार्टी से जुड़े उसके लिए प्रयास करें। जिला उपाध्यक्ष अरुण ओझा ने बूथ संरचना कार्य की उपयोगिता, आवश्यकता और इसके गठन को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने मंडल स्तर पर संगठनात्मक कार्य को प्रभावी व मजबूत बनाने पर जोर देकर कहां की योग्य, निष्ठावान, अनुभवी, अनुशासित और सक्रिय कार्यकर्ता के लिए पार्टी में पद के अवसर हमेशा खुले हैं। इसी प्रकार पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल चारण ने विचार व्यक्त किए और कार्यकर्ताओं से भी उनके आवश्यक सुझाव लिए गए। बैठक में मंडल अध्यक्ष महेंद्र माली, मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, प्रतिपक्ष नेता मगन मीणा, महामंत्री चिराग रावल, शक्ति केंद्र सहयोगी हेमलता पुरोहित, गोविंद सैनी, पार्षद प्रवीण राठौड, मणिदेवी माली, चुन्नीलाल पटेल, गीता पुरोहित सहित काफी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


