लुधियाना पुलिस ने शिव सेना समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश भारद्वाज, उनके दो बेटों और तीन अन्य समर्थकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। थाना हैबोवाल पुलिस द्वारा दर्ज मामले के अनुसार, आरोपियों ने एक व्यक्ति से पुलिस में दर्ज मामले को रद्द करवाने के नाम पर 1 लाख 60 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। पुलिस के सीनियर अधिकारियों के नाम पर मांगे 2 लाख रुपए पीड़ित ऋषभ कन्नोजिया ने बताया कि 20 सितंबर 2024 को उनके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 1 में BNS की धारा 316(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद कमलेश भारद्वाज, रोहित भारद्वाज, हनी भारद्वाज, मनीष गुप्ता, कुलवंत सिंह और राजन राणा ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर मामला रद्द करवाने के लिए 2 लाख रुपए की डील की। आरोपियों ने पीड़ित से 1 लाख 60 हजार रुपए ले लिए, लेकिन मामला रद्द नहीं करवाया। 6 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला कन्नोजिया ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी, जिसकी जांच के बाद सभी छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318, 351(2),61 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच ASI मक्खन सिंह कर रहे है। ऋषभ ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी धार्मिक संस्था का व्यक्ति अधिकारियों के नाम पर पैसे मांगे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऋषभ कन्नोजिया ने कहा कि एक अन्य मामले में आरोपी मनीष गुप्ता के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 1 में भी मामला दर्ज किया गया है, जिसमें उस पर पुलिस की बेल्ट पहनकर लोगों पर रौब जमाने का आरोप है। ऋषभ ने कहा कि वह पुलिस के सीनियर अधिकारियों से मांग करते है कि आरोपियों को दी गई सुरक्षा को भी वापस लिया जाए ताकि अन्य लोगों को यह अपने झांसे में ना ले सके। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले संबंधी शिव सेना समाजवादी के नेता हनी भारद्वाज से उनका पक्ष लेना चाहा लेकिन उन्होंंने फोन नहीं उठाया।


