फाजिल्का जिले के अबोहर में 22 अप्रैल को बस स्टैंड के पास एक युवक की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। कीकर खेड़ा के बलविंदर सिंह को दर्जन भर लोगों ने लाठियों से पीटा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे लाखों लोगों ने देखा। नशे का धंधा करते है हमलावर पीड़ित बलविंदर का आरोप है कि हमलावर नशे का धंधा करते हैं। घटना के बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन न तो डॉक्टरों ने उसकी मेडिकल रिपोर्ट बनाई और न ही पुलिस ने बयान दर्ज किए। 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित ने मुख्यमंत्री और पुलिस उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है। एक्स-रे रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई उसका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और फिर से हमला कर सकते हैं। बलविंदर ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह आत्महत्या कर लेगा। थाना प्रभारी का कहना है कि घायल युवक की एक्स-रे रिपोर्ट मिलते ही बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


