टीकमगढ़ जिले की मोहनगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में रविवार को एक किसान ने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के कपड़ों को तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को उसके पैंट की जेब से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। केशवगढ़ पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने बताया कि गांव के अखिल यादव (40) का शव आज दोपहर उनके खेत पर पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने तुरंत घटना की जानकारी मोहनगढ़ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई। उसके पेंट की जेब से जमीन के कागजात और सुसाइड नोट मिला है। जिसमें मृतक ने गांव के कुछ लोगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद मृतक के शव को अस्पताल भेजा। मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू की गई है। फिलहाल परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ चल रही है। जमीनी विवाद को लेकर था परेशान मृतक के परिवार वालों का कहना है कि 40 डिसमिल जमीन को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर अखिल परेशान था। जमीन के विवाद को लेकर अखिल ने जतारा एसडीएम दफ्तर में अपील की थी। मोहनगढ़ थाना प्रभारी ब्रजेंद्र घोष ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें कुछ लोगों पर धमकी देने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।


