सूरजपुर जिले में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का असर दिखने लगा है। एक ओर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, तो दूसरी ओर सुशासन तिहार 2025 के तहत जहां पात्र परिवारों को त्वरित रूप से राशन कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सूरजपुर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दोहरी उपलब्धि से नवाजा गया है। दरअसल, सूरजपुर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज ने की। उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सांसद महाराज ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। सांसद ने योजनाओं की जानकारी ली बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि देवपाल सिंह पैकरा, जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा और डिप्टी कलेक्टर चांदनी कंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हर घर नल योजना के क्रियान्वयन पर जोर दिया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा की। इसमें बैंक ऋण, ऋण वापसी और लखपति दीदी योजना शामिल थी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता दीदियों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। भैयाथान में पात्र परिवारों को मिले राशन कार्ड सूरजपुर जिले में सुशासन तिहार 2025 के तहत राशन कार्ड आवेदनों का निराकरण तेजी से हो रहा है। भैयाथान जनपद क्षेत्र में राशन कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रशासन ने इन आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई की। जनपद पंचायत भैयाथान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पात्र परिवारों को प्राथमिकता श्रेणी के राशन कार्ड वितरित किए। ग्राम पंचायत चुनगड़ी के इनता/भूपेंद्र प्रताप को राशन कार्ड दिया गया। साथ ही ग्राम पंचायत तरका की कविता सोनवानी/अमन कुमार को भी राशन कार्ड प्रदान किया गया। सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जल्द से जल्द आम लोगों तक पहुंचाना है। इस पहल से क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है। टीबी उन्मूलन में सूरजपुर को दोहरा सम्मान, स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार प्रगति
रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में सूरजपुर जिले को ‘निक्षय निरामय 100 दिवसीय अभियान’ और राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दो श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला स्वास्थ्य टीम को सम्मानित किया। इस टीम में सीएमएचओ डॉ. के.डी. पैंकरा, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रिंस जायसवाल सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। कलेक्टर एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में जिले ने न केवल टीबी नियंत्रण में बेहतर काम किया, बल्कि अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्ता युक्त सेवाएं भी सुनिश्चित की हैं।


