जगराओं में अपने मामा के घर पर रह रहे भांजे ने मजदूरी करने के साथ-साथ गांजे की तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। जिसके चलते वह आसपास के गांवों में गांजे की सप्लाई करने लगा। जैसे ही आरोपी गांजे की सप्लाई देने जगराओं की तरफ आया तो पुलिस ने नाकाबंदी दौरान बाइक सवार आरोपी से एक किलो गांजा बरामद कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श निवासी जैनपुर हाल निवासी गांव कालख के रूप में हुई है। थाना सिटी के एसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान रायकोट रोड पर अखाडा नहर के साथ कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया, जो पुलिस की गाड़ी देख कर अपना बाइक मोड़कर वापस जाने लगा। जिस पर पुलिस ने शक होने पर तुरंत आरोपी को पकड़ लिया। मामा के घर पर रहता है आरोपी इस दौरान पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जेब से कुछ नहीं बरामद हुआ, लेकिन पुलिस ने जब पेट्रोल की टंकी पर रखे काले रंग के लिफाफे की जांच की तो पुलिस को आरोपी से एक किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पूछताछ की गई तो आरोपी ने बताया कि वह अपने मामा के घर पर रह कर उनके साथ ही मजदूरी करता था, लेकिन पैसों के लालच के चलते वह अपने मामा से छिपा कर गांजा तस्करी का भी काम करने लगा। पेड़ के नीचे बैठकर कर रहा था ग्राहक का इंतजार इसके अलावा, श्री मुक्तसर साहिब से आकर दाखा एरिया में चुरापोस्त की सप्लाई करने वाले एक तस्कर को थाना दाखा की पुलिस ने उस समय पकड़ा। जब आरोपी एक पेड़ के नीचे बैठ कर चुरापोस्त बेचने के लिए अपने ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। आरोपी की पहचान निर्मल सिंह उर्फ निम्मा निवासी गांव तामकोट (श्री मुक्तसर साहिब) के रूप में हुई है। थाना दाखा के एएसआई इंदरजीत सिंह ने बताया कि वह करीब 4:30 बजे पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान गांव मंडियानी से नहर के पास पक्की सड़क के रास्ते गांव मुल्लांपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक पेड़ के नीचे बैठे व्यक्ति को देखा। जिसके हाथों में प्लास्टिक की बोरी थी। लेकिन पुलिस पार्टी को देख कर आरोपी एक दम से बोरी छोड़कर भागने लगा तो पुलिस ने शक होने पर आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने जब बोरी की जांच की तो उस में 5 किलों चुरापोस्त बरामद हो गया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना दाखा में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी।


