राजस्थान में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदला और आंधी-बारिश हुई। जयपुर, भरतपुर, अलवर, झुंझुनूं समेत प्रदेश के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चली। करीब 40KM से ज्यादा गति से चली आंधी से जयपुर में कई जगह पेड़, सोलर पैनल गिर गए। तापमान गिरने से लोगों को आज गर्मी से राहत रही। मौसम विभाग ने 3 जिले प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा काे छोड़कर शेष सभी जिलों में आंधी, बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। प्रदेश में गुरुवार से हो रही बारिश का असर तापमान पर पड़ा है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जयपुर में शुक्रवार को अजमेर रोड और खातीपुरा एरिया में तेज हवा की वजह से पेड़ गिर गया, जिससे इन जगहों पर ट्रैफिक के मूवमेंट पर प्रभाव पड़ा। इससे पहले गुरुवार रात हरमाड़ा में अंधड़ से घर की छतों और खेतों में लगे सोलर पैनल गिर गए थे। भरतपुर के कामां में तीन इंच बरसात
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बरसात भरतपुर के पास कामां कस्बे में हुई। यहां 77MM (3 इंच) बरसात दर्ज हुई। इसी तरह झुंझुनूं के पिलानी में 20.1, जैसलमेर के सम एरिया में 31, देवीकोट में 10, जैसलमेर शहर में 14, गंगानगर में 11.5MM, अलवर के राजगढ़ में 17MM बरसात दर्ज हुई। जयपुर, अलवर, दौसा, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, भीलवाड़ा समेत कई शहरों में 1 से लेकर 10MM तक बारिश हुई। गुरुवार शाम जयपुर, जैसलमेर, भीलवाड़ा और पाली में आंधी के साथ बारिश हुई थी। गुरुवार को जैसलमेर के एरिया में चली तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली के पोल गिर गए, जिससे वहां बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। पिछले 24 घंटे की स्थिति देखें तो राजस्थान के शहरों में भीषण गर्मी रही। बाड़मेर, जैसलमेर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में 46.1, चित्तौड़गढ़ में 45, बीकानेर में 44.9, फलोदी में 44.2, चूरू में 43.5, गंगानगर में 43.3, कोटा में 43.2 और उदयपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर आसमान साफ रहा और हल्की उमस रही। गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज हुआ। सीकर में भी गर्मी तेज रही, यहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 41.2, अजमेर में 42.2, भीलवाड़ा में 42.4 और जोधपुर में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


