नामकुम थाना क्षेत्र स्थित हाईटेंशन ग्राउंड के पास गुरुवार की शाम एक कार जेएच 01 एसी 7520 में पशु को लाद कर तस्कर लेकर भागने लगे। हालांकि ऐन वक्त पर पशु मालिक लक्ष्मण यादव को इसकी भनक लग गई। इसके बाद उन्होंने अपने परिचितों को जानकारी देते हुए गाड़ी का नंबर उपलब्ध कराया। जिसके बाद लोगों ने आगे से रास्ते की घेराबंदी की। कांटाटोली स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी जाने वाले रास्ते के पास दिखी गाड़ी तो रोका। कार में सवार तीन लोगों ने उतर कर भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर उनमें से दो को पकड़ लिया। एक भागने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस दोनों आरोपियों को थाना ले गई। कार को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार तस्करों का नाम तौहीद कुरैशी आैर मिस्टर कुरैशी है। दोनों लोअर बजार थाना क्षेत्र स्थित गुदड़ी चौक के पास के रहते हैं। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया। डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने कहा कि कार से पशु तस्करी करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा गया है। पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके गिरोह में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। रिंग रोड से कोलकाता के रास्ते बंगाल तक पशु तस्करी का कॉरिडोर, ओडिशा से भी झारखंड के रास्ते तस्करी आरोपी बोला- हाईटेंशन ग्राउंड के पास रेकी करने के बाद पशु को लेकर भागे पशु तस्करों ने रिंग रोड के रास्ते कोलकाता तक पशु तस्करी के लिए सेफ कॉरिडोर बना रखा है। कंटेनर, कार सहित कई गाड़ियों से तस्करी की जा रही है। कई तस्कर तो आेडिशा से झारखंड के रास्ते बंगाल तक पशु की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस पहले ऐसे तस्करों के खिलाफ कार्रवाई भी कर चुकी है। नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन चौक के पास से ही पुलिस ने 14 अक्टूबर 2023 को प्रतिबंधित पशु का 15 टन चमड़ा पकड़ा था। पुलिस जांच में जानकारी मिली थी कि चमड़े को कांटाटोली में लोड किया गया था, जिसे कोलकाता भेजा जाना था। कार के अंदर चढ़ाई गई गाय और इनसेट में वह गाड़ी, जिसमें गाय को लाद कर ले आए। पकड़े गए आरोपी तौहीद ने पुलिस को बताया है कि उसने रेकी करने के बाद हाईटेंशन ग्राउंड के पास चर रहे पशु को कार में लोड कर भागने का प्लान तैयार किया था। पशु चरा रहा व्यक्ति जैसे ही वहां से थोड़ा आगे बढ़ा, कार से पशु के नजदीक पहुंच कर बीच की सीट हटाई और गेट खोला। इसके बाद तुरंत मिस्टर कुरैशी ने पशु को धक्का देते हुए कार में चढ़ा कर गेट बंद कर लिया। जैसे ही कार वहां आगे बढ़ी, पशु मालिक ने देख लिया और शोर भी मचाया, लेकिन वे लोग भाग निकले। हालांकि कांटाटोली की आेर जाने वाले रास्ते में आगे से कुछ लोगों ने जबरन गाड़ी को रोका, जिसके बाद पकड़े गए।


