रांची | डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को पिठोरिया थाने में तैनात दो एएसआई व मुंशी के अलावा पीसीआर 22 के जवान को ड्यूटी में लापरवाही बरने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। मुख्यालय डीएसपी अमर कुमार पांडे की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। डीएसपी 30 अप्रैल की सुबह औचक निरीक्षण पर पिठोरिया थाना पहुंचे थे। वहां ओडी में तैनात एएसआई श्यामानंद पासवान गायब मिले। इसके बाद जब डीएसपी थाने के उपरी तल्ले पर गए, तो देखा कि श्यामानंद पासवान अपनी ड्यूटी छोड़कर आराम फरमा रहे हैं। पेट्रोलिंग में तैनात एएसआई अमृत प्रसाद मेहता के अलावा मुंशी अजय पासवान भी वहीं मिले। सभी अपनी ड्यूटी से गायब मिले। डीएसपी ने गायब रहने का कारण पूछा तो किसी ने भी संतोषजनक जबाव नहीं दिया। पीसीआर 22 के जवान नीरज कुजूर भी अपने ड्यूटी से गायब मिले थे। इसके बाद ही डीएसपी ने डीआईजी सह एसएसपी को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की अनुसंशा की थी।


