मोहाली में आज ब्लाइंड बच्चों का क्रिकेट टूर्नामेंट:विजेता टीम को मिलेंगे 11 हजार रुपए; स्कूल स्टूडेंट बोले- इंडिया टीम में खेलेंगे

मोहाली में आज ब्लाइंड बच्चों का क्रिकेट टूर्नामेंट है। विजेता टीम को 11 हजार रुपए का इनाम मिलेगा। मोहाली के यादविंद्र पब्लिक स्कूल के छात्र ईशान ने ब्लाइंड खिलाड़ियों की एक टीम तैयार की और आज मोहाली में उनका मैच होगा। इस मैच को लेकर स्कूली बच्चों में भी काफी उत्साह है। वहीं ब्लाइंड खिलाड़ी अभिषेक ने बताया कि वह वेस्ट बंगाल का रहने वाला है। जब उसे पता चला कि मोहाली में ब्लाइंड का क्रिकेट मैच हो रहा है, तो वह यहां आ गया। उसने बताया कि वेस्ट बंगाल में उसे किसी का सपोर्ट नहीं मिला, लेकिन यहां आकर ईशान ने उसका हौसला बढ़ाया और कहा कि वह उसकी पूरी मदद करेगा। अभिषेक ने कहा कि उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है। ईशान ने बताया कि उसे शुरू से ही लोगों की मदद करने का जज्बा है, क्योंकि मदद करने वाला असल में भगवान होता है – वह तो सिर्फ एक ज़रिया है। उसकी कोशिश है कि यह टीम बेहतर प्रदर्शन करे और एक दिन भारत के लिए खेले, ताकि देश का नाम रोशन हो और इन्हें देखकर अन्य ब्लाइंड खिलाड़ी भी आगे आएं और देश के लिए कुछ कर दिखाएं। प्रतियोगिता में दो अंडर-19 टीमें – पटियाला स्कूल फॉर ब्लाइंड एंड डेफ, पटियाला और नेत्रहीन सेवक समाज, लुधियाना, तथा दो सीनियर टीमें (20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग) – स्कूल फॉर ब्लाइंड, मलेरकोटला और नेत्रहीन सेवक समाज, लुधियाना से हिस्सा लेंगी। ईशान की मां शमशीर राणा ने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं और वहां भी उन्होंने एक ब्लाइंड क्रिकेट टीम बनाई है। वहां समय-समय पर टीम के मैच भी करवाए जाते हैं। शुरुआत में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी टीम ने उनका पूरा साथ दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *