पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर के गांव बजीतपुर भोमा में आज सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। लंबी माइनर नहर में करीब 100 फुट का कटाव आ गया। इस कटाव से सैकड़ों एकड़ जमीन जल मग्न हो गई। जिसके कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीपल का पेड़ गिरने से आया कटाव सरपंच जसविंदर सिंह और किसान सुखमंदर सिंह ने बताया कि घटना सुबह 5 बजे की है। सरपंच के खेत के पास एक पीपल का पेड़ गिरने से नहर में कटाव आया। कटाव धीरे-धीरे बढ़कर 100 फुट तक पहुंच गया। नहर का पानी आसपास की फसलों में फैल गया। सरपंच के खेत में रखी 70-80 ट्राली तूड़ी पानी में बह गई। एक अन्य किसान की 40 किल्ले गेहूं की नाड़ भी नहर के पानी की चपेट में आ गई। विभाग ने पीछे से नहर करवाई बंद नहर का बहाव इतना तेज था कि पास की ढाणी रणधीर सिंह भी डूबने के कगार पर पहुंच गई। किसानों ने नहर विभाग को सूचना दी। विभाग ने तुरंत पीछे से नहर बंद करवा दी। हालांकि सुबह 10 बजे तक पानी का बहाव जारी रहा। विभाग के जूनियर इंजीनियर और बेलदार मौके पर पहुंचे और कटाव को भरने का काम शुरू कर दिया।


