भास्कर न्यूज | कांटाबाजी कांटाबाजी में ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का धूमधाम से आयोजन किया गया। सभी वर्ग के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी वर्ग के युवाओं, महिलाएं और बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। ब्राह्मण समाज के सचिव अनिल पाठक ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव बड़े ही धूम धाम से पालन किया गया। सुबह 9 बजे भगवान श्री परशुराम की पूजा पूरे विधि अनुसार कि गई। जिसके बाद शोभायात्रा निकाली गई। श्री परशुराम चौक में स्थित भगवान परशुराम की प्रतिमा में माल्यार्पण कर यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न भागों से होते हुए वापस श्री ब्राह्मण समाज धर्मशाला पहुंची। शहर के विभिन्न संस्थाओं व समाजसेवियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। रात को स्थिति श्री ब्राह्मण समाज धर्मशाला में एक सभा का आयोजन किया गया। अतिथियों ने समाज के सदस्यों को विभिन्न संदेश देते हुए एक अच्छे और कामयाब जीवन जीने के लिए विभिन्न संदेश दिए। समाज की एकता और विकास को लेकर भी विभिन्न संदेश दिए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर मारवाड़ी युवा मंच प्रगति महिला शाखा की अध्यक्षा रुचि खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष गीता अग्रवाल व कांटाबांजी केवी डिग्री कालेज की शिक्षिका दीपाली शर्मा, अध्यक्ष अमरचंद शर्मा, किशन शर्मा, विधायक लक्ष्मण बाग, प्रयांश शर्मा मौजूद थे।


