छत्तीसगढ़ के धमतरी में शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान शिव मंदिर के पास स्थित एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली का खंभा भी प्रभावित हुआ। स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने पहले ही इस पेड़ को काटने की शिकायत की थी। आंधी के कारण कई स्थानों पर टीन शेड और छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और लोग बाल-बाल बच गए। मौसम का मिजाज अचानक बदला शाम होते ही धमतरी में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई जगहों पर टीन शेड और छप्पर उड़ गए या पूरी डैमेज हो गए। शहरवासी हवाओं से बचने के लिए दुकानों और टीन शेड के नीचे खड़े हो गए। लगातार हो रही बूंदाबांदी से एक ओर गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है। रोड पर विशाल पेड़ के गिरने से ट्रैफिक जाम गौरवपथ रोड पर इंडोर स्टेडियम के पास शिव मंदिर के सामने अचानक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे दोनों तरफ की सड़क पूरी तरह से जाम हो गया। हादसे के बाद राहगीरों को वैकल्पिक रास्ते से गुजरना पड़ा। पूर्व में दी गई थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई स्थानीय वार्डवासियों ने बताया कि पेड़ पहले से कमजोर था और कई बार आंधी में झुकता दिखाई दिया था। इसे हटाने के लिए कलेक्ट्रेट और नगर निगम में शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को तेज आंधी के चलते वही पेड़ आखिरकार टूट गया। पेड़ गिरने से आसपास लगे किराना ठेले और एक हाईटेंशन लाइन वाला बिजली पोल भी टेढ़ा हो गया। नगर निगम की त्वरित कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद ने नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाया। जेसीबी मशीन की मदद से रोड से पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका।


