कोटा में एक पार्क में NEET की तैयारी कर रहे छात्र-छात्रा से मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पार्क में बैठे थे, तभी एक बुजुर्ग ने उन्हें वहां से जाने को कहा। इस बात को लेकर बुजुर्ग और छात्र के बीच बहस हो गई। कुछ देर में पार्क समिति के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्क समिति के सदस्यों ने छात्र-छात्रा पर आपत्तिजनक स्थिति में पार्क में घूमने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं दूसरी तरफ छात्र ने पार्क समिति के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। छात्रा ने भी पार्क समिति के सदस्यों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। दादाबाड़ी थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच कर रही है। घटना शुक्रवार सुबह 10 बजे की है। NEET परीक्षा से पहले छात्र से मारपीट
सीआई मांगे लाल यादव ने बताया- शुक्रवार सुबह 10 बजे सद्भावना पार्क में NEET की तैयारी कर रहे छात्र-छात्रा बैठे थे। पार्क समिति के बुजुर्ग सदस्य ने उन्हें जाने को कहा, जिस पर विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दी है। यूपी के रहने वाले छात्र (18) ने बताया- वह दोस्त के साथ एडमिट कार्ड की चर्चा कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोग आए और लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। छात्र का मेडिकल कराया गया है। रविवार को उसकी NEET परीक्षा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फॉर्म लेने गई थी, पानी की बोतल दी थी दोस्त ने
त्रिपुरा की छात्रा (21) ने बताया- 2 मई को वह पार्क में अपने दोस्त से NEET का फॉर्म लेने गई थी। दोस्त ने उसे पानी की बोतल भी दी, जो वह नियमित रूप से देता है, क्योंकि उसके PG में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। इसी दौरान पास के एक घर से एक व्यक्ति आया और बिना किसी कारण के चिल्लाने लगा। कुछ ही मिनटों में सीमित से जुड़े कुछ लोगों सहित एक समूह वहां पहुंच गया और छात्र पर हमला कर दिया। निष्पक्ष जांच की मांग
छात्रा ने कहा- आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और उस पर झूठे आरोप लगाए। धक्का-मुक्की कर बदनाम करने की कोशिश की। इस घटना से वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है। उसने पुलिस से मांग की है कि किसी भी दबाव में आए बिना दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष जांच की जाए।


