भास्कर न्यूज|कोडरमा योग क्रांति सेवा ट्रस्ट की ओर से 6 मई से 30 दिन का निशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण शुरू होगा। यह कार्यक्रम ट्रस्ट की संस्थापक योगाचार्या सुषमा सुमन के मार्गदर्शन में चलेगा। सुषमा सुमन ने बताया कि इसका उद्देश्य बेटियों और बहनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। इससे वे अपने परिवार, खुद और पड़ोसियों की मदद कर सकेंगी। प्रशिक्षण चित्रगुप्त नगर स्थित गंजी फील्ड में होगा। अब तक सैकड़ों महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन कर लिया है। सुबह 5 बजे से 8 बजे तक प्रशिक्षण चलेगा। इसमें दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन चलाना सिखाया जाएगा। कुल 1000 महिलाओं को ड्राइविंग सिखाने का लक्ष्य है। योगाचार्य प्रदीप कुमार सुमन ने बताया कि प्रशिक्षण में 6 प्रशिक्षक रहेंगे। इनमें संजय सिंह, सरयू साव, सुनील मोदी, संगीता वर्णवाल, संत मोदी और गौरी शंकर वर्णवाल शामिल हैं। प्रतिभागियों को सुबह 5 बजे फील्ड में पहुंचना होगा। कार्यक्रम के संरक्षक पूर्व जिला न्यायाधीश अर्जुन मोदी हैं। उनके साथ डॉ जेपीएन वर्णवाल, गायत्री देवी, वीरेंद्र मोदी, दिलीप मोदी, चंदन मोदी और सुभाष वर्णवाल भी रहेंगे। सभी प्रतिभागियों के अभिभावक इस कार्यक्रम में सहयोग करेंगे।