भास्कर न्यूज |लुधियाना खाना खाने गए एक व्यक्ति की ई-रिक्शा महज 30 मिनट के अंदर चोरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित की शिकायत के बावजूद पुलिस ने घटना के पूरे 8 दिन बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। वारदात ढोलेवाल चौक के पास स्थित प्रेम ढाबे के बाहर 24 अप्रैल की दोपहर को हुई है। मामले में मोहल्ला पीरू बंदा निवासी देव कुमार ने थाना डिवीजन-6 में घटना की शाम को ही शिकायत दी। इसमें बताया कि वह 24 अप्रैल को सवारियों को उतारने के बाद प्रेम ढाबे पर खाना खाने के लिए रुका था। उसने कुछ दूरी पर अपनी ई-रिक्शा पार्क की थी, लेकिन जब वह खाना खाकर लौटा, तो वहां से उसका वाहन गायब था। काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो देव कुमार ने थाने में शिकायत दी। पीड़ित का आरोप है कि उसने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी थी, लेकिन कार्रवाई में टालमटोल की गई। अब 8 दिन बीत जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


