भास्कर न्यूज | बालोद सुशासन तिहार के तहत जिले में आमजन से प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विभाग प्रमुखों की बैठक ली। उन्होंने राजस्व, कृषि, शिक्षा, जल संसाधन, पीएचई, नगरीय निकाय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य सहित अन्य विभागों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदन तय समय में गुणवत्तापूर्वक निराकृत हों। कलेक्टर ने 5 मई से शुरू हो रहे समाधान शिविरों की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन-प्रशासन के बीच पारदर्शी संवाद स्थापित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में बैठक, छाया, बिजली, पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। साथ ही हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएं। आयुष्मान कार्ड शिविरों में बने कलेक्टर ने शिविरों में आधार पंजीयन, आयुष्मान कार्ड, श्रम पंजीयन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस और पुलिस प्रशासन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीएम और जनपद पंचायतों के सीईओ से कहा कि शिविर स्थल की जानकारी जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को दी जाए। जिले में 5 मई से शिविर लगाए जाएंगे। बैठक में अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकड़ा, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


