परशुराम जयंती पर्व पर नगर में निकाली गई शोभायात्रा

मंत्र उच्चारण, विधि विधान से 51 बटुकों का उपनयन संस्कार सम्पन्न
परशुराम जयंती पर्व पर नगर में निकाली गई शोभायात्रा
अनूपपुर।
जिला मुख्यालय अनूपपुर में ब्राह्मण समाज सेवा समिति अनूपपुर द्वारा अक्षय तृतीया परशुराम जयंती का पर्व हर्षोल्लास और पूर्ण श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया गया। आशीर्वाद मैरिज गार्डन में आचार्य डा तीरथ प्रसाद द्विवेदी,  पं अजय शास्त्री, पं मधुवन पाण्डेय, पं आलोक द्विवेदी, पं सुनील मिश्रा, पं राम सुशील शर्मा, पं राहुल परौहा ने आचार्य पीठ से मंत्रोच्चारण और विधि विधान का पालन करवाते हुए जिले भर से आए 51 बटुकों का उप नयन संस्कार सम्पन्न करवाया। समिति ने सभी बटुकों और उनके परिजनों के लिये सम्पूर्ण व्यवस्था की। आचार्यगणों ने उप नयन संस्कार से जुड़े सभी कार्यों को ढोल, नगाड़े और मंगलाच्चारण के बीच उपनयन संस्कार करवाया।
निकाली गई शोभा यात्रा
30 अप्रैल बुधवार, वैशाख मास शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि (अक्षय तृतीया) को भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर सायं 5.00 बजे से जिला मुख्यालय स्थित अमरकंटक चौक आशीर्वाद मैरिज गार्डन से भगवान विष्णु के छठवें अवतार परशुराम भगवान के जन्मोत्सव पर ब्राह्मण समाज सेवा समिति अनूपपुर के द्वारा भव्य एवं पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गयी। इससे पहले प्रातः 7 बजे से सामूहिक उपनयन संस्कार का कार्यक्रम सायं 5 बजे पूर्ण हुआ। भगवान श्री परशुराम जी के पूजन उपरांत पुण्य श्लोकों का पाठन कर यात्रा प्रारम्भ की गयी। शोभा यात्रा में सभी बटुक गण, उनके परिजनों और जिले के अलग अलग स्थानों से आए गणमान्य जनों ने सहभागिता की। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शंकर मंदिर चौक पहुंची। जहाँ भगवान परशुराम जी के पूजन उपरांत यात्रा अमरकंटक तिराहा मे सम्पन्न हुई। इस यात्रा में अनूपपुर, चचाई, अमलाई, जैतहरी, कोतमा, बिजुरी, राजनगर, पसान, अमरकंटक, राजेंद्रग्राम के समस्त विप्र बंधुओं और गणमान्यजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
सामूहिक भंडारे में शामिल हुए लोग
शोभायात्रा के पश्चात कार्यक्रम स्थल आशीर्वाद मैरिज गार्डन में सायं 8.00 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया।
समाज को कुरीतियों से मुक्त करने का संकल्प
51 बटुकों के सामूहिक उप नयन संस्कार के दौरान आचार्यों ने बटुकों और  ब्राह्मण समाज को नशा मुक्त रहने,  कुरीतियों और अपव्यय से बचने, सामूहिक विवाह, दिन में विवाह, सामूहिक उपनयन संस्कार, दहेज मुक्त विवाह, नशा मुक्त समाज निर्माण जैसे सुविचारों का संकल्प दिलाया गया। जिले मे पहली बार इतनी बडी संख्या में बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार आयोजित किया गया।
शोभायात्रा में शामिल हुए स्वामी लवलीन महाराज
परमहंस आश्रम अमरकंटक के संत स्वामी श्री लवलीन महाराज के नेतृत्व में आशीर्वाद मैरिज गार्डन से इंदिरा चैक और वहाँ से वापस अमरकंटक चौक होकर शोभायात्रा कार्यक्रम स्थल में पूर्ण हुई। समिति के अध्यक्ष रामप्रकाश द्विवेदी, महामंत्री अनिल तिवारी, संगठन मंत्री ब्रजभूषण शुक्ला के साथ कार्यक्रम में जिले भर से सैकड़ों गणमान्य लोग, पदाधिकारियो, बटुकों और उनके परिजनों ने उपस्थित होकर उपनयन  संस्कार एवं भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *