पंजाब से कार लेकर फायर आर्म्स खरीदने आए 2 में से 1 व्यक्ति को खरगोन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 11 अवैध हथियार बरामद हुए हैं। घेराबंदी में उसका साथी फरार हो गया। आरोपी के पास से 7 देसी पिस्टल, 4 देसी कट्टे व परिवहन में उपयोग की गई कार जब्त की गई है। फायर आर्म्स की कीमत 2.45 लाख रुपए है। खंडवा बड़ोदरा राजमार्ग पर बिलाली गांव के पास रविवार को सुबह 11 बजे यह कार्रवाई हुई है। इतनी दूर से यहां आकर हथियार खरीदने के नेटवर्क का पुलिस पता लगा रही है। हथियार बेचने वाले 2 लोग फरार है। उनपर 3-3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। एसपी धर्मराज मीणा ने शाम 5 बजे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया बिल्ली में पेट्रोल पंप के पास स्विफ्ट कार में हथियार ले जाने की सूचना पर गोगावा पुलिस ने घेराबंदी की। इसमें एक तस्कर कार में से भाग गया। दूसरे आरोपी गगनदीप सिंह पिता परविंदरसिंह (23) निवासी वार्ड 3 बालाचौर जिला नवाशहर पंजाब पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल मिली। कार की चेकिंग में बैग से 6 देशी पिस्टल व 4 देशी कट्टे मिले। एप्पल कंपनी का 1 लाख कीमत का मोबाइल भी जब्त हुआ।गोगावां पुलिस ने धारा 25 (1) आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी गगनदीप ने बताया फरार आरोपी का नाम सुनील है। वह भी बालाचौर पंजाब का है। वह साथ में हथियार लेने सिगनूर आया था। 1.70 लाख रुपए में खरीदे थे हथियार एसपी ने बताया दोनों आरोपियों ने सिगनूर के विशाल सिकलीगर व उसके साथी रेटवा निवासी रवि से 1.70 लाख रुपए में हथियार खरीदे। सभी को आरोपी बनाया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। विशाल के पिता गुरुदयाल भीकनगांव क्षेत्र में अवैध हथियारों के खरीद फरोख्त मामले में खरगोन जेल में बंद है।


