भास्कर न्यूज | कोडरमा कोडरमा नगर पंचायत कार्यालय में रविवार को संविधान बचाओ कार्यक्रम को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष राजू सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस जिला अध्यक्ष भागीरथ पासवान और विशिष्ट अतिथि नगर प्रभारी संजय सेठ थे। जिलाध्यक्ष भागीरथ पासवान ने बताया कि 6 मई को रांची के पुराने विधानसभा परिसर धुर्वा में संविधान बचाओ कार्यक्रम होगा। इसमें कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू कुमार, सह प्रभारी सिरिबेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कोडरमा से हजारों कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। नगर प्रभारी संजय सेठ ने कहा कि 6 मई के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की गई। नगर अध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि बैठक में नवनियुक्त कमेटी की सूची जिला अध्यक्ष और प्रभारी को सौंपी गई। बैठक को जिला महासचिव आशीष पांडेय, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष फैयाज अब्बू केसर, वरिष्ठ नेता राम लखन पासवान ने भी संबोधित किया। बैठक में दैनिक अखबार के पत्रकार आलोक सिन्हा के आकस्मिक निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर आशा देवी, बसंती देवी, पूजा कुमारी, सीता प्रसाद, उमाशंकर प्रसाद, लाल बहादुर आदि मौजूद थे।