भास्कर न्यूज | दुमका सेक्रेड हार्ट स्कूल ने प्रशांत मुखर्जी मेमोरियल स्कूल क्रिकेट लीग टूर्नामेंट 2024-25 का खिताब जीत लिया है। रविवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। मैच में सेक्रेड हार्ट स्कूल ने +2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जिला स्कूल को पांच विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएम स्कूल की टीम ने 6 विकेट पर 166 रन बनाए। कप्तान नीरज कुमार ने 31 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। सेक्रेड हार्ट स्कूल की ओर से कप्तान प्रत्यूष अरनोल्ड टुडू ने 3 विकेट झटके। जवाब में सेक्रेड हार्ट स्कूल ने 19.5 ओवर में 5 विकेट पर 168 रन बनाकर जीत दर्ज की। कप्तान प्रत्यूष अरनोल्ड टुडू ने 43 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 75 रन बनाए। सीएम स्कूल की ओर से अंशु कुमार ने 4 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट लिए। फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच प्रत्यूष अरनोल्ड टुडू रहे। उन्हें मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार भी मिला। बेस्ट बॉलर का खिताब अंशु कुमार को दिया गया। निर्णायक की भूमिका में चंदन शर्मा और ऋषि शर्मा रहे। स्कोरर सत्यम भारद्वाज थे। सभी को जिला क्रिकेट संघ के सचिव भास्कर अजीत सिंह ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।


