भास्कर न्यूज | जामताड़ा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में जामताड़ा में तीन दिवसीय इंटीग्रेटेड नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। यह योग शिविर 4 मई से 6 मई तक प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 7:30 बजे तक गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण के समीप संचालित किया जा रहा है। योग शिविर को सफल बनाने हेतु हरिद्वार से पधारे पतंजलि योगपीठ के स्वामी कौशल देव एवं स्वामी विश्व देव का भव्य स्वागत जामताड़ा की पावन भूमि पर किया गया। उनके मार्गदर्शन में योग यज्ञ, हवन एवं विविध योग क्रियाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहने की विधियों से अवगत कराया गया। योगाचार्यों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज अधिकांश लोग योग की सही जानकारी के अभाव में विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। पतंजलि योगपीठ का उद्देश्य है कि जन-जन तक योग की सही जानकारी एवं तकनीक पहुंचे, ताकि लोग न केवल बीमारियों से बच सकें, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक जीवन शैली अपना सकें। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखी गई। प्रतिभागियों ने योग अभ्यास के दौरान प्राणायाम, ध्यान, आसनों एवं जीवनशैली संबंधी जानकारी ली। लोगों ने इस आयोजन को लाभकारी बताते हुए योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के योग प्रभारी हेमंत, पतंजलि प्रभारी उपेंद्र कुमार, युवा प्रभारी चंद्र किशोर, संजय, सुधांशु, राजेश, नीलू, सरस्वती, मंजू सहित फिट इंडिया मूवमेंट के सभी सदस्यगण उपस्थित रहे। आयोजन में सबका योगदान उल्लेखनीय रहा। जामताड़ा वासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए पतंजलि योगपीठ के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।


