पूर्व डिप्टी सीएम ओम प्रकाश सोनी ने रविवार को रानी का बाग में कांग्रेस के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। सभा की शुरुआत में पहलगाम में शहीद हुए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सोनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। सभी साथी मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे और कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते ‘आप’ सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार के समय व्यापारियों को धमकियां मिल रही हैं और कत्ल, लूट और डकैती की घटनाओं से पंजाब सहम चुका है। आम आदमी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। लोग अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए पंजाब छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं हर तरफ डर का माहौल है। सोनी ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह पंजाब के व्यापार की ओर ध्यान दे। जबकि खत्म हो रही गुरु नगरी की इंडस्ट्री को बचाने के लिए विशेष पैकेज दे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर आरोप लगाया कि उसने असंवैधानिक तरीके से मेयर बनाया। नगर निगम में अफसरशाही हावी हो चुकी है। लोगों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो रहा। शहर में सफाई व्यवस्था, सीवरेज सिस्टम और जगह-जगह फैली गंदगी से लोग परेशान हैं। सोनी ने कहा कि जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी, तब व्यापारी, युवा और किसान सभी खुश थे। राज्य में शांति और भाईचारा था। आज लोग आम आदमी पार्टी की सरकार से इतने दुखी हैं कि वह अगली विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार जनता का फैसला कांग्रेस के पक्ष में होगा। इस मौके पर जिला प्रधान अश्वनी कुमार पप्पू, पार्षद विकास सोनी, पंजाब व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ, समीर जैन, अरुण कुमार पप्पल, महेश खन्ना, यूनुस कुमार, सरबजीत सिंह लाटी, गुरदेव सिंह दारा, इकबाल शैरी आदि मौजूद थे।


