रायगढ़ में सुशासन तिहार का तीसरा चरण आज से शुरू:12 जगहों पर लगेंगे समाधान शिविर; पहले चरण में मिले थे डेढ़ लाख आवेदन

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सुशासन तिहार का तीसरा चरण सोमवार से शुरू होने जा रहा है, जो 31 मई तक चलेगा। यह सुशासन तिहार का अंतिम चरण है और इसमें जिले में 12 स्थानों पर समाधान शिविर लगाया जाएगा। जिसमें आवेदकों के आवेदनों के निराकरण की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही आवेदन आने पर उनका भी निराकरण किया जाएगा। सुशासन तिहार 2025 का पहला चरण में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक चला। इसमें जिले भर के लोगों से 1 लाख 76 हजार 133 आवेदन प्राप्त किए गए। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर मिले आवेदनों में 1 लाख 66 हजार 534 का निराकरण किया गया। अब तीसरा और अंतिम चरण में 5 मई से 31 मई के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसमें समाधान शिविर ग्राम पंचायतों का क्लस्टर बनाकर किया जा रहा है। तीसरे चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में 5 शिविर व 7 नगरीय निकायों में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे। इस शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी संबंधित लोगों को दी जाएगी। साथ ही अगर कोई समस्या को लेकर आवेदन लेकर आता है, तो उसका भी निराकरण किया जाएगा। जिले में यहां लगेगा शिविर ग्रामीण और नगरीय निकायों के क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के जनपद पंचायत पुसौर के रुचिदा, खरसिया के तेलीकोट, लैलूंगा के कुंजारा, धरमजयगढ़ के छाल और तमनार के तमनार में समाधान शिविर लगेगा। इसी प्रकार नगरीय निकाय क्षेत्र के रायगढ़ में राजीव नगर सामुदायिक भवन, घरघोड़ा में गायत्री मंदिर प्रांगण, धरमजयगढ़ में मंगल भवन खेल मैदान के पास, लैलूंगा में सांस्कृतिक भवन, किरोड़ीमल नगर में आजाद चौक सांस्कृतिक भवन, पुसौर के कार्यालय भवन और खरसिया के कंकुबाई धर्मशाला में समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *