भास्कर न्यूज | रिंगनी-खरौद ग्राम पंचायत कांसा की महिलाओं, महिला समूह की सदस्यों और गांव के लोगों ने नशा मुक्ति अभियान के तहत कांसा गांव को नशा मुक्त रखने के लिए जागरूकता रैली निकाली। गांव के चौक-चौराहों से होते हुए सभी प्रमुख मोहल्लों में पहुंचकर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही गांव के अंदर महुआ, अंग्रेजी और हिंदी शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करने की मांग रखी गई। गांव-गांव में कच्ची महुआ शराब का प्रचलन बढ़ गया है, जिससे पूरे अंचल में यह धंधा फल-फूल रहा है और लोग महुआ शराब का सेवन कर रहे हैं। शराब पीकर लोग झगड़े और बीमार पड़ रहे हैं, जिसका सीधा असर समाज और परिवार पर पड़ रहा है। पुलिस विभाग और आबकारी विभाग लगातार अंचल में कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन लोग इस धंधे में जेल जाने के बाद भी इसे नहीं छोड़ रहे हैं। गांव की महिलाओं ने महुआ शराब को बंद कराने, बेच रहे लोगों पर कार्रवाई करने और लोगों में जागरूकता लाने के लिए रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। गांव में शराबबंदी को लेकर उत्साह दिखा। रैली में गांव के सरपंच, उपसरपंच, पंच, महिला समूह की महिलाएं और सक्रिय महिलाएं भी उपस्थित रहीं।


