बिलासपुर में लचर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर निकाली गई स्वास्थ्य न्याय यात्रा के बाद अब कांग्रेस ने 8 मई को संविधान बचाओ रैली करने की तैयारी में है। राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेश स्तरीय इस आयोजन को लेकर कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल को संयोजक बनाया है। सोमवार को कार्यक्रम संयोजक पटेल और छत्तीसगढ़ सहप्रभारी विजय जांगिड़ बैठक लेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘संविधान बचाओ’ अभियान की शुरुआत बिलासपुर से करने का फैसला लिया है। इसकी तैयारी को लेकर शनिवार को रायपुर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में नेताओं की बैठक हुई। इसमें बिलासपुर संभाग के नेताओं को बुलाया गया। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ सहित बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर जिलों के नेता मौजूद रहे। जिसमें पूर्व मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है। सभास्थल के लिए जगह की तलाश 8 मई को होने वाली प्रदेश स्तरीय संविधान बचाओ रैली और सभा के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने की तैयारी है। यही वजह है कि आमसभा के लिए कांग्रेस नेता जगह की तलाश कर रहे हैं। रविवार को कार्यक्रम के प्रभारी पूर्व मंत्री उमेश पटेल और छत्तीसगढ़ सहप्रभारी विजय जांगिड़ बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सभा के लिए स्थल चयन करने मुंगेली नाका चौक स्थित ग्रीन गार्डन मैदान का जायजा लिया। साथ ही वाहन पार्किंग और आवाजाही की व्यवस्था पर चर्चा की। 2 मई को निकाली थी स्वास्थ्य न्याय यात्रा पिछले 2 मई को जिला कांग्रेस कमेटी ने अपोलो अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और प्रदेश में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य न्याय यात्रा निकाली थी। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कांग्रेस नेता शामिल हुए थे। इस प्रदर्शन में कांग्रेस ने अच्छी भीड़ जुटाई थी। यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत बिलासपुर से करने का निर्णय लिया है। आज जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि, कार्यक्रम के प्रभारी और विधायक उमेश पटेल सोमवार की दोपहर तीन बजे कांग्रेस भवन में अलग-अलग तीन स्तर पर बैठक लेंगे, जिसमें कांग्रेसजनों के बीच कार्य का विभाजन से लेकर अन्य जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय सचिव देवेंन्द्र यादव, ज़िला प्रभारी सुबोध हरितवाल भी उपस्थित रहेंगे। शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि संविधान बचाओ आमसभा में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलेट, ज़रिता लेटफलांग, समप्त कुमार, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, लोकसभा प्रत्याशी और राष्ट्रीय सचिव देवेंन्द्र यादव सहित प्रदेश के नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।


