छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सुशासन तिहार 2025 के तहत जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जानकारी दी। जिले में अब तक कुल 52,068 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 44 हजार आवेदनों का निराकरण कर पोर्टल में दर्ज किया जा चुका है। शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नए आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। सीएम लेंगे विकास कार्यों का फीडबैक कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। शिविरों में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। वे जनता से सीधा संवाद करेंगे। विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर फीडबैक लेंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक एस आर भगत, अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, एडीएम पेण्ड्रारोड ऋचा चंद्राकर और एसडीएम मरवाही प्रफुल्ल रजक उपस्थित थे। कलेक्टर ने मीडिया से अपील की है कि वे समाधान शिविरों का प्रचार-प्रसार प्रभावी ढंग से करें, जिससे इसकी जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।


