जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के प्रधान टोला में शनिवार को पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक दुखद घटना हुई। खुदाई के दौरान दो मजदूर गड्ढे में गिरकर मिट्टी में दब गए। इस हादसे में 24 वर्षीय कृष्णा बास्के की मौके पर मौत हो गई। दूसरे मजदूर पांचू को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मजदूर फिसलकर गड्ढे में गिर गए घटना के समय गहरे गड्ढे में खुदाई का काम चल रहा था। मिट्टी अत्यधिक गीली होने के कारण दोनों मजदूर फिसलकर गड्ढे में गिर गए। ऊपर से मिट्टी धंसने से दोनों दब गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें निकालने का प्रयास किया, लेकिन कृष्णा को नहीं बचाया जा सका। घटनास्थल पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी स्थानीय पंचायत सदस्य संतोष गुप्ता ने ठेकेदार प्रीति इंटरप्राइजेज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटनास्थल पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। मजदूरों को सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे। गड्ढे के आसपास न तो चेतावनी बोर्ड था और न ही बैरिकेडिंग की गई थी। पंचायत सदस्य ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी या ठेकेदार स्तर पर स्थायी रोजगार की मांग भी की है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा मिल सकेगा।


