हनुमानगढ़ में उधार दिए रुपए मांगने गई विवाहिता के सिर में लोहे की एंगल से वार कर दिया। इस मामले में संगरिया पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल कैलाशचंद ने बताया कि वीना देवी (30) पत्नी बिट्टू गिल निवासी वार्ड 10, संगरिया ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने करीब 5 महीने पहले राजू पुत्र धन्नाराम निवासी रतनपुरा को 60 हजार रुपए उधार दिए थे, लेकिन अभी तक राजू ने उसके रुपए नहीं लौटाए हैं। वह जब भी फोन पर बात करती है, तो राजू जल्द रुपए देने की बात कहता है, लेकिन पिछले 2 महीने से वह उसकी कॉल रिसीव नहीं कर रहा है। जब उससे बात नहीं हुई तो वह राजू के घर रतनपुरा गई, लेकिन राजू घर पर नहीं था। उसका लड़का घर पर था। उसने राजू के बारे में पूछा तो उसने गाली-गलौज की और सिर में तेज धार वाली लोहे की एंगल से जोर से वार किया। इससे सिर में गंभीर चोट आई। चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर आस पास के लोग आ गए। इन्होंने बीच-बचाव किया। फिर वहां से मौके पर उसके भाई को फोन कर बुलाया और हॉस्पिटल लेकर गए। इलाज के दौरान उसके सिर में टांके लगे। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


