भास्कर न्यूज | कवर्धा पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार को लेकर ग्रामीण अंचल में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस तिहार के पहले चरण में कबीरधाम जिले में प्राप्त आवेदन का निराकरण करते हुए विभागीय टीम घर-घर जाकर श्रमिक से संपर्क कर रही हैं। उन्हें योजना से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। श्रम विभाग द्वारा सुशासन तिहार के तहत प्राप्त श्रम कार्ड बनाने से संबंधित आवेदन का निराकरण किया जा रहा है। इन आवेदन के तहत विभागीय अधिकारी आवेदक के घर तक पहुंचकर उनके श्रम कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सुनिश्चित कर रहे हैं। श्रम विभाग के अधिकारी देवेन्द्र देवांगन ने बताया कि सुशासन तिहार अंतर्गत श्रम कार्ड बनाने कुल 115 आवेदन आए थे, सोमवार तक 75 लोगों का श्रम कार्ड बनाया जा चुका है। बाकी का भी कार्ड जारी किए जाने की कार्रवाई की जा रहीं है। शेष लोगों का एक-दो दिन के भीतर कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। वैसे पूरे जिले में करीब 1.50 लाख श्रमिक का श्रम कार्ड बनाया जा चुका है। हाल में ही पंडरिया ब्लॉक के ग्राम अमरपुर, सहसपुर लोहारा ब्लॉक के ग्राम बांधाटोला व ग्राम विचारपुर के श्रमिकों ने श्रम कार्ड बनाने की मांग की थी। इन आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए उनके घर जाकर श्रम कार्ड बनाए गए है। कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ रहा: शासन अब आमजन के और भी करीब पहुंच गया है। लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं काटना पड़ रहा है। सुशासन तिहार के पहले चरण में श्रम कार्ड बनाने की अपील की गई थी, जिनका निराकरण सफलतापूर्वक किया गया। इस पहल के तहत विभागीय अधिकारी जिले में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने लगातार प्रयासरत हैं। इन प्रयास से जिले के श्रमिकों को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी समस्या दर्ज कराईं व शासन द्वारा किए जा रहे त्वरित समाधान की सराहना की।


