भास्कर न्यूज | गिरिडीह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश जनजाति शाह प्रमुख मंटू मुर्मू को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2025 का सर्टिफिकेट दिया गया। यह कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2025 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में हुआ था। मंटू मुर्मू ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने विकसित भारत के अपने दृष्टिकोण को साझा किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत में अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी दोनों समृद्ध होंगी। इससे शिक्षा और आय के कई अवसर मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा कुशल युवा कार्यबल होगा। यह युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने का खुला आसमान देगा। उन्होंने कहा कि हर निर्णय, कदम और नीति को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना होगा। प्रधानमंत्री ने इसे भारत के लिए बड़ी छलांग का समय बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों तक भारत सबसे युवा देश बना रहेगा। वैश्विक एजेंसियां भारत के जीडीपी को बढ़ाने में युवाओं की भूमिका को मानती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय युवा आज वैश्विक कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। वे दुनिया भर में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले 25 साल, यानी अमृत काल, बहुत अहम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत स्टार्टअप की दुनिया में शीर्ष तीन में पहुंचा है। विनिर्माण, डिजिटल इंडिया और खेलों में भी युवाओं ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि जब भारतीय युवा असंभव को संभव बनाते हैं, तब विकसित भारत का सपना जरूर पूरा होगा।


