गिरिडीह में एफडीआर योजना से 110 किमी लंबी सड़क का हो रहा है निर्माण

भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह जिले में एफडीआर योजना के तहत 110 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण हो रहा है। यह कार्य जिले के 8 प्रखंडों में किया जा रहा है। सोमवार को कार्यपालक अभियंता सुबोध कुमार दास ने समाहरणालय स्थित कार्यालय में आरईओ के इंजीनियरों और ठेकेदारों के साथ बैठक की। बैठक में निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। कार्यपालक अभियंता ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई तय है। उन्होंने सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की जांच कर रिपोर्ट आरईओ कार्यालय को सौंपें। एफडीआर योजना के तहत बिरनी प्रखंड में 3, देवरी में 2, बेंगाबाद में 2, पीरटांड़ में 2, तिसरी में 2 और बगोदर-सरिया प्रखंड में 3 सड़कों का निर्माण हो रहा है। कुल 19 सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी लंबाई लगभग 110 किलोमीटर है। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इस योजना में पुरानी क्षतिग्रस्त सड़कों को उन्हीं की सामग्री से बनाया जा रहा है। बाहर से कोई सामग्री नहीं लाई जा रही। यह सरकार की नई तकनीक है, जिससे उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में सड़कें बनी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *