सरहुल मनाने निकली वृद्ध विधवा का कुएं से अर्धनग्न शव बरामद

गुमला | जिले के गुरदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंकुरी गांव निवासी 54 वर्षीय वृद्ध विधवा महिला चिंता देवी का शव पुलिस ने एक कुआं से अर्धनग्न अवस्था में बरामद की है। जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हत्या अथवा हादसा इस दिशा में पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जाता है कि अंकुरी गांव में शुक्रवार को सरहुल मनाया जा रहा था। जबकि शनिवार को पर्व का बासी था। गांव के अधिकांश लोग खाने पीने में जुटे हुए थे। मृत महिला भी शनिवार को खाने पीने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह गायब हो गई थी। उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा था। उसके पति सुधे उरांव का पूर्व में देहांत हो चुका है। वह घर पर अकेले रहती थी। जिसके कारण गांव के सभी ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे। रविवार तक उसकी खोजबीन जारी रहा था। वहीं सोमवार को भी खोजबीन जैसे शुरू किया गया तभी गांव के मुख्य सड़क से 500 मीटर दूर एक सुनसान जगह के कुआं में एक साड़ी नजर आया। इसके बाद ग्रामीण जब मोटर लगाकर कुआं का पानी बाहर निकाले तो अंदर कीचड़ में फंसा अर्धनग्न शव नजर आया। फिर काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया। शव महिला चिंता का था। जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन में जुट गई। इधर महिला का शव मिलने के बाद गांव के ग्रामीण तरह तरह का अंदेशा जाहिर करने लगे। ग्रामीण इसे हत्या तो कुछ हादसा बताने लगे। कुछ ने तो दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की भी संभावना व्यक्त की। बहरहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा हो पाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *