2 गेट बंद, 2 माह में गोंदली का जलस्तर 6.50 फीट घटा

भास्कर न्यूज | बालोद बालोद व डौंडीलोहारा ब्लॉक के गांवों के निस्तारी तालाबों में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचने के बाद सिंचाई विभाग ने गोंदली बांध के दोनों गेट को बंद कर दिया है। सिंचाई विभाग के अनुसार गोंदली में वर्तमान में 20.50 फीट पानी है। 5 मार्च को 27 फीट पानी भरा था। इस लिहाज से 2 माह में जलस्तर 6.50 फीट कम हुआ है। हालांकि विभाग के अनुसार अभी रिजर्व (14 फीट) से 6.50 फीट पानी ज्यादा है। आपातकाल व परिस्थिति अनुसार गोंदली के पानी को तांदुला में लाने की प्लानिंग है। निस्तारी तालाबों के अलावा तांदुला के लिए भी गोंदली बांध का पानी छोड़ने के दावे विभागीय अफसर कर रहें है। डौंडीलोहारा क्षेत्र के निस्तारी तालाबों के लिए गोंदली जलाशय के एलबीसी गेट को सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने मार्च के तीसरे सप्ताह में खोला था। इस गेट से रोजाना औसत 84 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। 24 मार्च को गोंदली में 24.80 फीट पानी बचा था। गोंदली बांध के दो गेट एलबीसी व आरबीसी के माध्यम से शहर के अलावा तरौद, बघमरा, मेड़की, ओरमा, जुंगेरा, खैरतराई, पाररास, मनौद, दरबारी नवागांव, घुमका, कोहंगाटोला, रेवती नवागांव, जगन्नाथपुर सांकरा, कमरौद, मालीघोरी, दुधली, रेंगनी, कोबा, कोरगुड़ा, परसदा के तालाबों मंे पानी पहुंच गया है। बालोद के गंगासागर सहित 65 तालाबों में जलभराव सिंचाई विभाग के अनुसार अप्रैल माह में आरबीसी गेट को खोलने के बाद बालोद के गंगासागर सहित ब्लॉक के गांवों के तालाबों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ा गया। तरौद माइनर में नहर की लाइनिंग कार्य जारी होने की वजह से इस साल आरबीसी गेट खोलने में देरी हुई। एलबीआई गेट से मालीघोरी, कोरगुड़ा क्षेत्र और आरबीसी गेट के माध्यम से बालोद ब्लॉक के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के तालाबों में पानी पहुंचता है। दावा किया जा रहा है कि दोनों ब्लॉक के 65 तालाबों में गोंदली बांध का पानी भरने के बाद निस्तारी संकट दूर हो गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *