हनुमानगढ़ में करीब साढ़े तीस लाख रुपए कीमत के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उधार खरीदकर रुपए नहीं देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में टाउन पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुए रिपोर्ट में सौरभ पुत्र कृष्णलाल ने बताया कि वह टाउन में हनुमान मंदिर के सामने स्थित पार्श्वनाथ ट्रेडिंग कम्पनी शाखा में बतौर प्रबंधक का कार्य करता है। पार्श्वनाथ ट्रेडिंग कम्पनी का मुख्य कार्यालय चक एक एमएल, अबोहर बायपास, श्रीगंगानगर में है। वह जिस फर्म में कार्यरत है, वह फर्म एलईडी, फ्रीज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान विक्रय करने का कार्य करती है। एक दिन ऑफर किंग का प्रौपराइटर राजेश निकुम्भ धोखाधड़ी करने की नियत से उससे मिला और बताया कि जोधपुर में ऑफर किंग 331-ए अंडर ग्राउंड केयर नाम से उसकी फर्म है। वह भी इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने और बेचने का कार्य करता है। उसके पास बहुत अच्छा काम है। अच्छे-अच्छे घरों के कई ग्राहक हैं, जो महंगी-महंगी इलेक्ट्रॉनिक की चीजें खरीदते हैं। वह उसकी फर्म से इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना चाहता है। वह उसे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर बहुत ज्यादा मुनाफा दे सकता है। उसने राजेश की बातों पर विश्वास करते हुए 30 लाख 60 हजार रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान यह सोचकर दे दिया कि वह उसे अच्छा मुनाफा देगा। राजेश ने कहा कि उसकी सारी राशि 10 दिन के अंदर उसे दे दी जाएगी। यह कहकर राजेश उक्त सामान उसकी दुकान से ले गया। जब उसने 10 दिन बाद राजेश से सम्पर्क किया, तो उसने थोड़ा और समय इंतजार करने को कहा और कहा कि वह उसके पैसे जल्द ही दे देगा। कुछ समय बीतने के बाद उसने राजेश से फिर सम्पर्क किया, लेकिन राजेश ने कॉल रिसीव नहीं किया। इस पर वह अपने परिचित को साथ लेकर जोधपुर गया और राजेश निकुम्भ से मिला। उसने राजेश से कहा कि वह न तो उसकी कॉल रिसीव कर रहा है और न ही रुपए दे रहा है। इस पर राजेश ने कहा कि वह कुछ दिनों बाद हनुमानगढ़ आकर सारा हिसाब कर देगा। करीब 3-4 दिन पहले राजेश उसकी कम्पनी के ऑफिस में आया और कहा कि वह उसके रुपए नहीं देगा। उसने अपनी फर्म बंद कर दी है। अब वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एसआई ज्योति को सौंपी है।


