साल 2024 की विदाई होने वाली है। इस साल दो चुनाव में आम लोग सहित पूरा सरकारी महकमा फंसा रहा। इस वजह से परिवार के साथ छुट्टी मनाने के लिए बाहर जाने वाले काफी लोग नहीं जा सके। लेकिन अब साल के अंत में अधिकतर लोग परिवार के साथ छुट्टियां मनाने घर से निकल रहे हैं। रांची के पर्यटन स्थल पर्यटकों की भीड़ से गुलजार हैं। साल के सेकेंड लास्ट संडे को रांची शहर सहित आसपास के पर्यटक स्थलों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। 10 पर्यटन स्थलों पर ही करीब 42 हजार पर्यटक पहुंचे। हुंडरू आैर जोन्हा फॉल में तो इतने पर्यटक पहुंच गए कि वहां तक पहुंचने वाला रास्ता वाहनों से जाम हो गया। सुबह से शाम तक रास्ते से वाहन हटवाने के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। पर्यटन स्थलों पर रांची या झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा आैर छत्तीसगढ़ से काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पश्चिम बंगाल आैर बिहार के पर्यटकों की जबर्दस्त भीड़ दिख रही है। हालांकि, पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं है। पुलिस की भी तैनाती नहीं की गई है। जल प्रपातों के पास पर्यटन मित्र तैनात हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षा के उपकरण नहीं दिए गए हैं। इस वजह से शाम होने से पहले ही पर्यटकों को लौटना पड़ रहा है। पर्यटन स्थलों पर तैनात होंंगे 600 पुलिस जवान, पार्कों में नजर रखेगी शक्ति कमांडो जिले के पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है। रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश सभी थानेदारों को दिया है। इसके लिए करीब 700 पुलिस के जवानों को भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा शहर के पार्कों में महिला सुरक्षा के लिए शक्ति कमांडो को तैनात किया जाएगा। पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी ने पर्यटन स्थल पर इमरजेंसी नंबर आैर स्थानीय थाना प्रभारी, डीएसपी का मोबाइल नंबर लिखने का निर्देश दिया है, ताकि छेड़खानी या मारपीट की स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना मिल सके। इसके अलावा आपात स्थिति में डायल 100 आैर 112 पर सूचना देने की अपील की गई है। जल्द ही दशम, जोन्हा, हुंडरू फॉल के पास पुलिस सहायता केंद्र खोले जाएंगे, ताकि गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जा सके। पर्यटन स्थलों के पास 25 दिसंबर से 15 जनवरी तक मनचलों से पुलिस कड़ाई से निपटेगी। स्थानीय थाना की पुलिस को रोजाना पर्यटन स्थलों के पासपास गश्त करने का निर्देश दिया गया है। पार्कों में भी उमड़ रही भीड़, बच्चे कर रहे मस्ती शहर के पार्कों में भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। रविवार को रांची के करीब एक दर्जन पार्कों में 10 हजार से अधिक लोग पहुंचे। सर्कुलर रोड स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क, रॉक गार्डेन, टैगोर हिल, चिल्ड्रन पार्क मोरहाबादी, ऑक्सीजन पार्क, निगम पार्क, हरमू हाउसिंग स्थित चार पार्क, कांके डैम, धुर्वा डैम सहित पहाड़ों पर भी पर्यटकों की भीड़ पहुंची। पार्कों में बच्चों ने झूला झूलकर मस्ती की। भगवान बिरसा जैविक उद्यान, ओरमांझी : जंगली जानवरों को देखने उमड़ रही भीड़ आेरमांझी स्थित भगवान बिरसा मुंडा जैविक उद्यान में भी पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। रविवार को अवकाश होने की वजह से जैविक उद्यान में सुबह 10 बजे से ही पर्यटक पहुंचने लगे थे। शाम तक उद्यान पर्यटकों से गुलजार रहा। शाम तक करीब 5000 पर्यटक उद्यान पहुंचे। जैविक उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और दुर्लभ वन्य जीवों के आकर्षण के कारण पर्यटकों के लिए यह पसंदीदा स्थल बन गया है। उद्यान में बाघ, शेर, हाथी, हिरण, मगरमच्छ और अन्य वन्य जीवों को करीब से देखकर बच्चे काफी खुश हो रहे हैं। यहां झूले आदि लगे होने से यह बच्चों के लिए सबसे पसंदीदा जगह बना हुआ है। दशम फॉल : 10 साल पहले डेंजर जोन की घेराबंदी हुई थी, अब सिर्फ लाल झंडा है बुंडू प्रखंड स्थित दशम फॉल में रविवार को करीब 12 हजार पर्यटक पहुंचे। बिहार आैर पश्चिम बंगाल से लगभग 50 बस-कार से पर्यटक सुबह से पहुंचने लगे थे। सैलानियों के भीड़ को देखते हुए दुकानें भी सज-धज कर तैयार हैं। दशम फॉल थाना पुलिस बल की एक टीम सुबह से शाम तक तैनात है। पर्यटक मित्र भी सैलानियों की सुरक्षा में जुटे हैं। इसके बावजूद कई पर्यटक डेंजर जोन के करीब पहुंच जा रहे हैं। फॉल के डेंजर जोन के पास 10 साल पहले घेराबंदी की गई थी आैर लाइट भी लगाई गई थी। उसके बाद मरम्मत नहीं की गई। अब सिर्फ लाल झंडा व बांस लगाया गया है। बैरिकेडिंग नहीं है। इस वजह से डेंजर जोन के पास दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। पर्यटक मित्र योगेश्वर अहीर और बलिराम मुंडा ने बताया कि शाम होते सैलानियों को नीचे जाने से मना किया जा रहा है। फॉल के आसपास नशा करने से भी रोका जा रहा है। फन कैसल पार्क : रातू स्थित फन कैसल पार्क सहित शहर के पार्कों में रविवार को काफी भीड़ रही। छोटानागपुर फन कैसल पार्क में घूमने और पिकनिक मनाने के लिए करीब 700 पर्यटक पहुंचे। यहां विभिन्न तरह के झूले, ड्रैगन, टॉय ट्रेन आकर्षण के केन्द्र हैं। प्रबंधक ने बताया कि नव वर्ष को देखते हुए यहां पर्यटकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।


