राज्य सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उदयपुर में आज ये कार्यक्रमों का आगाज हुआ। ये कार्यक्रम 17 दिसम्बर तक चलेंगे। आज सुबह उदयपुर की फतहसागर पाल से रन फॉर विकसित राजस्थान के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों कर्मचारियों और आमजन ने दौड़ लगाई।
मैराथन में शामिल छात्र-छात्राएं भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयकारों की घोष लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में फतहसागर के काला किवाड़ से मैराथन शुरू हुई जो मोतीमगरी के बाहर, मुंबईयां बाजार, फतहसागर ओवरफ्लो, फतहसागर की पाल होकर टाया पैलेस पर संपन्न हुई। एडीजे कुलदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश के आतिथ्य में विजेताओं और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया गया। जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल ने स्वागत किया। जोधपुर में हो रहे युवा सम्मेलन एवं मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम का जिला स्तरीय समारोह उदयपुर के नगर निगम स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में चल रहा है।
जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने बताया कि जिले में नव चयनित करीब 500 लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।


