भिलाई| छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ शासन स्कूल विभाग द्वारा प्रत्येक विद्यालय में शिक्षकों की समुचित व्यवस्था के लिए वर्ष 2008 के निर्धारित सेटअप के तहत युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया का समर्थन किया है। संस्था की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में इसका फैसला किया गया। संस्था के प्रांताध्यक्ष अनिल शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने दस वर्षों से प्राचार्य पद की लंबित पदोन्नति के लिए प्राचार्य पदोन्नति फोरम का गठन कर तीन हजार प्राचार्यों की पदोन्नति का आदेश जारी होने पर खुशी जाहिर की। बैठक में शिक्षकों व कर्मचारियों की प्रमुख मांगें रखी गई। इसमें दिए गए डीए के एरियर्स, व्याख्याता पद की पदोन्नति शीघ्र करने, शिक्षा की गुणवत्ता के तहत वर्ष 2026 से कक्षा 5वीं, 8वीं में उत्तीर्ण और अनुत्तीर्ण व्यवस्था लागू करने, शिक्षकों को राज्य के अन्य कर्मियों, अफसरों की तरह सभी शनिवार को अवकाश और वर्ष में 30 दिन का अर्जित अवकाश देने, शिक्षक एलबी को प्रथम नियुक्ति तिथि गणना कर क्रमोन्नति एवं पेंशन का लाभ आदि की मांग की गई है। बैठक में सुनील यादव, डॉ. भागवली जोशी, राजेश द्विवेदी, सुरेंद्र सिंह बघेल आदि उपस्थित थे।


