भास्कर न्यूज | नारायणपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर पूरे प्रदेश में 8 अप्रैल से 31 मई तक तीन चरणों में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनसमस्याओं की त्वरित सुनवाई और समाधान करना है। इसी कड़ी में नारायणपुर जिले के ग्राम सुलेंगा निवासी दिव्यांग रामूराम नाग ने सुशासन तिहार के पहले चरण में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए आवेदन दिया था। रामूराम ने बताया कि बीमारी के कारण उनका बायां पैर संक्रमित हो गया था, जिसे बाद में कटवाना पड़ा था। फिर कृत्रिम पैर लगवाने के बावजूद उन्हें आवागमन में भारी कठिनाई होती थी। उनकी इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देते हुए जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उनकी समस्या का निराकरण किया गया। रामूराम को 05 मई को पालकी में आयोजित समाधान शिविर में वन मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद महेश कश्यप द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल मिलने पर रामूराम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने गांव से शहर आने-जाने के लिए सोचना नहीं पड़ेगा और न ही कोई परेशानी होगी। उन्होंने सुशासन तिहार में अपनी समस्या के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। नारायणपुर। समाधान शिविर में दिव्यांग को ट्राईसाइकिल दंते मंत्री व सांसद।


