कोरबा शहर के हेलीपैड के पास स्थित ग्रीन जोन में अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग और पटवारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। हेलीपैड के पास का यह क्षेत्र कोरबा का एकमात्र प्रमुख ग्रीन जोन है। इसे पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील माना गया है। यह भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित क्षेत्र है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने बिना वैधानिक अनुमति के भवन निर्माण शुरू कर दिया था। राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम ने अब निर्माण कार्य पूरी तरह से रोक दिया है। अधिकारियों ने कहा कि बिना उचित अनुमति के कोई निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। विरोध के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई स्थानीय लोगों के विरोध के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। राजस्व विभाग, नगर निगम अधिकारी, पटवारी और पटेल समाज के प्रमुख सदस्य मौके पर पहुंचे। ठेकेदार ने वार्ड नंबर 25 में सामुदायिक भवन के लिए टेंडर आदेश दिखाया। लेकिन राजस्व विभाग द्वारा जारी जमीन के दस्तावेज नहीं थे। पूर्व पार्षद शैलेंद्र सिंह उर्फ पप्पी ने हेलीपैड में हो रहे कब्जे का विरोध किया था। इससे पहले भी नगर निगम की टीम ने कब्जाधारियों को समझाकर वापस भेजा था। लेकिन फिर से कब्जे का प्रयास किया गया।


