फिर टली कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ’ रैली:एयर स्ट्राइक के बाद लिया गया फैसला, बिलासपुर में होना था आयोजन

कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ’ रैली एक बार फिर रद्द कर दी गई है। गुरुवार 8 मई को बिलासपुर में प्रस्तावित यह रैली अब नहीं होगी। पार्टी ने यह फैसला भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद लिया है। कांग्रेस ने देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। वहीं रैली स्थगित होने की वजह से राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का दौरा भी टल गया है। बता दें कि इससे पहले भी यह रैली एक बार स्थगित की जा चुकी है। पहले रैली 25 अप्रैल को होने वाली थी, लेकिन उसी दौरान जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के चलते कांग्रेस ने इसे टाल दिया था। पहले दुर्ग, अब बिलासपुर दोनों जगह रद्द पहले रैली दुर्ग से शुरू होनी थी, जिसकी अगुवाई खुद भूपेश बघेल कर रहे थे। उस वक्त मंच, रूट और संगठन से जुड़ी सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कांग्रेस ने इसे स्थगित कर दिया। फिर पार्टी ने इसे 8 मई को बिलासपुर से शुरू करने का ऐलान किया था। इसमें कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की भी शिरकत तय मानी जा रही थी। लेकिन अब एक बार फिर यह रैली कैंसिल कर दी गई है। दिल्ली में हुई बैठक के बाद लिया गया फैसला सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय कार्यसमिति (CWC) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में देश की राजनीतिक और सुरक्षा हालात की समीक्षा के बाद तय हुआ कि ‘संविधान बचाओ’ अभियान की अगली रैलियों को अभी टाल दिया जाए। पार्टी का मानना है कि इस वक्त संवेदनशीलता बरतना जरूरी है। अब आगे क्या? फिलहाल कांग्रेस की तरफ से रैली की अगली तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अगली रणनीति देश के हालात को देखते हुए तय की जाएगी। रैली का मकसद संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ जनता को जागरूक करना था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *