भास्कर न्यूज| महासमुंद/पिथौरा जनपद पंचायत पिथौरा के ग्राम पंचायत बरेकेल में गोधन न्याय योजना के तहत 35 लाख से भी अधिक रुपए की राशि में अनियमितता पाए जाने पर जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बसना थाना के भंवरपुर चौकी में पंचायत कर्मचारी के खिलाफ अपराध दर्ज कराया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बरेकेल में गोधन न्याय योजना अंतर्गत वर्ष 2022 में जयप्रकाश बघेल द्वारा गोबर खरीदी में 4 मार्च 2022 से 25 अक्टूबर 2022 की अवधि में कुल 35 लाख 59 हजार 548 रुपए की शासकीय राशि की अनियमितता कर राशि को अपने खाते में अंतरण किया गया। इस समय गोबर खरीदी का कार्य व उसकी ऑनलाइन एन्ट्री कार्यालय सचिव ग्राम पंचायत बरेकेल में होता था, कलेक्टर जिला महासमुंद द्वारा पारित आदेश में जयप्रकाश बघेल के द्वारा राशि 35 लाख 95 हजार 548 रुपए का हेराफेरी कर गबन करने संबंधी दोषसिद्ध पाया गया।


