भास्कर न्यूज | घरघोड़ा बड़े भाई की मौत के बाद युवक ने अपनी बेवा भाभी को पत्नी बनाकर अपने साथ रखा और पैसे और खर्च के विवाद में सिल्वर की डेचकी से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने आरोपी को हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम बताती निवासी अशोक बैगा(25) पिता रतिराम बैगा ने अपने बड़े भाई की मौत के बाद अपनी भाभी समारी बाई को पत्नी बनाकर अपने साथ रखा था। दोनों के बीच पैसे खर्च करने को लेकर विवाद होता था। घटना 25 अगस्त 2021 की है। दोनों के बीच विवाद हुआ और अशोक बैगा नाराज हो गया कि वह मेहनत से पैसा कमा रहा है और उसकी पत्नी अनाप-शनाप खर्च कर देती है। गुस्से में आकर अशोक ने अपनी पत्नी समारी बाई के सिर पर सिल्वर की डेचकी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मृतका समारी बाई के पिता की रिपोर्ट पर हत्या का अपराध दर्ज किया था। विवेचना के बाद पुलिस ने प्रकरण कोर्ट में प्रस्तुत किया था। अपर लोक अभियोजक राजेश ठाकुर ने शासन की ओर से पैरवी की।


