कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में घूम रहे दो चीतों को शिकारियों से खतरा हो सकता है, क्योंकि क्षेत्र में शिकारियों की आमद सुनाई देने लगी है। मंगलवार को पार्क के मोरावन क्षेत्र में कुछ शिकारियों ने घुसने का प्रयास किया जिसे पार्क के गश्ती दल ने विफल कर दिया। दल ने एक शिकारी को दबोच लिया लेकिन बाकी शिकारी फायर करते हुए भाग निकले। अब इनकी तलाश कराई जा रही है। उधर, पार्क प्रबंधन ने पार्क क्षेत्र में घुसने का प्रयास करने वाले शिकारियों की संख्या तीन बताई है लेकिन किसी शिकारी के पकड़े जाने से इंकार किया है। पार्क से जुड़े सूत्रों का दावा है कि एक शिकारी को पकड़ा गया है, अब उसी के सहारे बाकी शिकारियों को पकड़ने का प्रयास प्रबंधन कर रहा है। कूनो नेशनल पार्क के डीएफओ आर थिरुकुराल का कहना है कि शिकारी भले बच निकले हैं, लेकिन गश्ती दल सर्चिंग में जुटा हुआ है। जल्द शिकारियों को पकड़ लिया जाएगा। डीएफओ ने चीतों को पूरी तरह से सुरक्षित बताया है और दावा किया है कि जो दाे चीते खुले जंगल में हैं, वह सुरक्षित क्षेत्र में हैं। हालांकि यह शिकारी अगर अंदर पार्क में घुसने में कामयाब हो जाते तो फिर स्थिति कुछ भी हो सकती थी। पार्क में घुसने के सभी प्वाइंट्स की पहचान में जुटा प्रबंधन
शिकारियों के घुसने की घटना के बाद अब नेशनल पार्क प्रबंधन उन प्वाइंट्स को चिह्नित कर रहा है, जिनसे शिकारी अंदर करने का प्रयास कर रहे हैं। पार्क प्रबंधन का दावा है कि शिकार की स्थितियों को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा। इसके लिए मुखबिर तंत्र काे अलर्ट कर दिया गया है। 12 जून 2023 को भी पकड़े गए थे शिकारी कूनो नेशनल पार्क क्षेत्र के आसपास शिकारियों की सक्रियता रही है। 12 जून 2023 को भी तीन शिकारियों ने कूनो में घुसने का प्रयास किया था, जिन्हें पार्क के गश्ती दल ने दबोच लिया था। चीतों को खतरा नहीं, उनके साथ मॉनिटरिंग टीम
^ तीन शिकारियों ने पार्क में घुसने का प्रयास किया था जो पकड़े नहीं जा सके। गश्ती दल उनकी तलाश कर रहा है। इनसे चीतों को खतरा नहीं है, क्योंकि उनके साथ मॉनिटरिंग टीम है।
-आर थिरुकुराल, डीएफओ, कूनो नेशनल पार्क, श्योपुर


