राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ की सुदर्शन पहाड़ी पर पांच दिन से दिख रहे तेंदुए को बुधवार देर रात सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। वन विभाग ने इसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है। शहर से सटी सुदर्शन पहाड़ी पर तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में डर का माहौल था। यह क्षेत्र शासकीय कर्मचारियों के क्वार्टर और कई रिहायशी कॉलोनियों से घिरा है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पहाड़ी पर विशेष पिंजरा लगाया। पिंजरे में जीवित मेमना बांधा गया। विभाग के कर्मचारियों ने तीन शिफ्ट में लगातार निगरानी की। तेंदुआ चार दिन तक पिंजरे के पास आता रहा। वह मेमने को सूंघता और आगे बढ़ जाता था। बुधवार रात करीब 11 बजे तेंदुआ पिंजरे में प्रवेश कर गया। वन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई कर उसे काबू में ले लिया। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन से डोंगरगढ़ के लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम ने बिना किसी नुकसान के यह अभियान पूरा किया।


