पाकिस्तान पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद राजस्थान में भी हाई अलर्ट है। सुरक्षा कारणों के चलते 6 जिलों के स्कूलों (सरकारी-प्राइवेट), आंगनबाड़ी केंद्रों, मदरसों में बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसमें जोधपुर, फलोदी, जैसलमेर, बाड़मेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर शामिल हैं। जोधपुर में स्कूलों के साथ-साथ सभी कॉलेजों में भी छुट्टियां घोषित की गई हैं। इस दौरान होने वाली सभी तरह की परीक्षाएं भी स्थगित रहेंगी। 8 मई से आगामी आदेश तक यह जारी रहेगा। बीकानेर, किशनगढ़ (अजमेर) और जोधपुर एयरपोर्ट से 10 मई तक सभी फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद किए गए हैं। जयपुर एयरपोर्ट से आज (गुरुवार) 4 फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया है। इंडिगो एयरलाइंस ने बीकानेर में 10 मई तक अपनी सभी फ्लाइट्स कैंसिल कर दी है। मौजूदा हालात को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की हैं। गृह मंत्रालय ने सीमा से सटे इलाकों में रात 12 से सुबह के 4 बजे तक रोज ब्लैक आउट रखने के निर्देश जारी किए हैं। राजस्थान की 1037 किमी लंबी बॉर्डर सील
ऑपरेशन सिंदूर के बाद 1037 किलोमीटर लंबे पूरे राजस्थान से लगते बॉर्डर को सील कर दिया गया है। जमीन पर बीएसएफ तो आसमान में एयरफोर्स अलर्ट पर है। वेस्टर्न सेक्टर के सभी एयरबेस हाई अलर्ट पर हैं। यहां से दिन-रात कॉम्बेट पेट्रोलिंग की जा रही है। दूसरी ओर, जमीन पर बीएसएफ ने अपनी गश्त बढ़ा दी है। इसके लिए अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। जवान जीरो लाइन के पास यानी तारबंदी का गेट खोलकर अपनी जमीन पर गश्त कर रहे हैं। इन्हें हर संदिग्ध स्थिति से सीधे निपटने के निर्देश हैं। यानी हल्की हरकत पर भी जवानों को गोली मार देने की छूट है। एंटी ड्रोन सिस्टम भी 24 घंटे सक्रिय कर दिए गए हैं। दूसरी ओर, बॉर्डर पर पाकिस्तान के गांवों में वहां की सेना की हलचल बढ़ी है। बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सेना का मूवमेंट है। जोधपुर-जैसलमेर में रात 12 से सुबह 4 बजे तक ब्लैकआउट
जोधपुर और जैसलमेर में बुधवार रात 12 से गुरुवार सुबह 4 बजे तक ब्लैक आउट रहा। इस दौरान जोधपुर डिस्कॉम की ओर से भी पूरे शहर की बिजली बंद कर दी गई थी। इस दौरान पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त करती रही थीं। जहां-जहां लोग बैटरी से लाइट जला रहे थे, वहां पुलिस जाकर समझाती थी। इसके बाद लाइट बंद हो रही थी। किशनगढ़ : न ही कोई फ्लाइट उड़ान भरेगी, न ही उतरेगी
अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट से सभी सिविल फ्लाइट्स का संचालन अस्थाई रूप से बंद है। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सभी उड़ानें अब 10 मई की सुबह 5:29 बजे तक स्थगित रहेंगी। इस दौरान एयरपोर्ट से कोई भी सिविल फ्लाइट न तो उड़ान भरेगी और न ही वहां उतरेगी। सरहदी गांव खाली नहीं करवाए गए
बीएसएफ राजस्थान फ्रंटियर के आईजी एमएल गर्ग ने बताया कि सरहदी गांव खाली नहीं करवाए गए हैं। लेकिन, तैयार रहने को कहा गया है। यानी, आपात स्थिति में यहां के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सका है। बैकअप के लिए बैरक से अतिरिक्त जवानों को बाहर निकाला गया है। लड़ाकू विमान भर रहे हैं उड़ान
वेस्टर्न सेक्टर के 5 से ज्यादा एयरबेस से दिन रात लड़ाकू विमान उड़ान भर रहे हैं। 6 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरे पश्चिमी क्षेत्र में विमानों की तेज गर्जना थी। 7 मई सुबह 6 बजे तक विमान लैंड हो गए थे। इसके बाद सुबह 10 बजे से फिर विमानों ने उड़ानें भरीं। जोधपुर, उत्तरलाई (बाड़मेर), जैसलमेर, नाल (बीकानेर), फलोदी से 2 दिन के लिए जारी किए गए नोटम (नो फ्लाई जोन) के तहत युद्धाभ्यास किया जा रहा है। सुखोई 30 एमकेआई विमान से घातक हथियारों के साथ पूरी सीमा की श्रीगंगानगर से लेकर रण ऑफ कच्छ तक चौकसी की जा रही है। मिसाइलों को अलर्ट किया
प्रमुख शहरों में एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर लिया गया है। यानी हवाई चौकसी के अलावा यदि पाकिस्तान का कोई विमान हमारी सीमा में घुस आएगा तो उसे हवा में ही मार गिरने वाली मिसाइलों को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं थल सेना पूरी तरह से अलर्ट है। सीमावर्ती क्षेत्रों में हर फॉर्मेशन को अलर्ट कर दिया गया है। पश्चिमी सीमा से सटे गांवों में पाक सेना का भारी जमावड़ा
बीकानेर के खाजूवाला से लेकर श्रीगंगानगर तक पाकिस्तान में खारा टोबा, सिरदखली, बीजनोठ, नाबाकोट, जहूरीवाला, रहिमयार खान, सादिकाबाद, कोट सामबा, खानपुर, लियाकतपुर, यजमान मंडी, मुजगढ़ फोर्ट, फोर्ट अब्बास, खीचीवाला, फकीरवाली, मरोह, डूंगाबूंगा, डहारवाला, बहावलनगर, बहावलपुर, साहीवाला, खैरपुर, लाल सहारणा नेशनल पार्क, केके टिब्बा सहित काफी संख्या में चक और ढाणियां हैं। हाल के दिनाें में यहां पाकिस्तानी सेना का जमावड़ा बढ़ा है। राजस्थान के 4 जिलों के एयर स्पेस में नहीं उड़ीं फ्लाइट्स


