लुधियाना देहात के गांव कोटली में एक विवाह समारोह के दौरान पुलिस कार्रवाई से तनाव उत्पन्न हो गया। नशीले पदार्थों के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी गुरविंदर सिंह को पुलिस ने उसकी शादी से एक दिन पहले गिरफ्तार करने का प्रयास किया। गुरविंदर सिंह पर 8 अप्रैल को थाना दाखा में मामला दर्ज किया गया था। मामले में तीन युवकों से नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद हुई थी। दो अन्य आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी। रिश्तेदारों ने किया पुलिस का विरोध बता दें कि रात को जागो समारोह के दौरान मुल्लापुर दाखा के एसएचओ अमृतपाल सिंह अपनी टीम के साथ गिरफ्तारी के लिए पहुंचे। समारोह में मौजूद रिश्तेदारों ने इसका विरोध किया। विरोध के दौरान हाथापाई की स्थिति बन गई। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को चार हवाई फायर करने पड़े। आरोपी की बुआ की बेटी गुरमीत कौर ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर शिकायत दर्ज कराई। गांव में तनाव का माहौल उन्होंने एसएचओ और उनकी टीम पर महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि पुलिस टीम कानूनी कार्रवाई के तहत गई थी। गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुरमीत के परिवार ने एसएसपी देहात से मिलकर न्याय की मांग करने की बात कही है।


