गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक में एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। बुधवार रात भोजन-पानी की तलाश में तेंदुआ ग्राम पंडरीपानी डिही में भटक रहा था। पहले उसने एक मुर्गी का शिकार किया फिर अंधेरे में कुएं में गिर गया और बाहर निकलने की जद्दोजहद करता रहा। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वह कुएं की दीवार से चिपक कर बैठा है। घटना रात करीब 1 बजे की है। सूचना के बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने सुबह रेस्क्यू शुरू किया। बड़ी मशक्कत के बाद खाट और रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाला गया। इस दौरान करीब 9 घंटे तक वह कुएं में रहा। बाहर निकलते ही तेंदुआ तेजी से जंगल की ओर भाग गया। रात 1 बजे से कुएं में गिरा रहा ग्रामीणों ने बताया कि यह तेंदुआ गांव के एक बैगा परिवार के घर मुर्गी का शिकार किया है। इसके बाद जब वह वापस लौट रहा था, तब अंधेरे के कारण वह खुले कुएं में गिर गया। कुएं में कोने से चिपककर बैठा रहा तेंदुआ फिलहाल कुएं की एक संकरी दीवार पर कोने से चिपककर बैठा दिखाई दिया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह डरा-सहमा हुआ है और वहां से बाहर निकलने की कोशिश नहीं कर पा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि वे कुएं के पास ज्यादा भीड़ नहीं लगने दिए जिससे कि तेंदुआ और गुस्से में न आए। गर्मियों में जंगल सूखे, गांवों की ओर बढ़ रहे वन्यजीव गर्मियों में जंगलों के जलस्रोत सूख जाते हैं और शिकार की उपलब्धता भी घट जाती है। इससे तेंदुए जैसे शिकारी जानवर भोजन और पानी की तलाश में गांवों की ओर आने लगे हैं। लगातार हो रही जंगलों की कटाई और मानवीय अतिक्रमण ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।


