निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) की सुरक्षा व्यवस्था के लिए किए जा रहे बाउंड्रीवॉल का गुरुवार को कोचाकुली के ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। खूब हंगामा भी हुआ। इस बीच मौजूद पुलिस कर्मियों के साथ ग्रामीणों की नोकझोंक भी हुईं। बात धक्का मुक्की तक जा पहुंची। सूचना पाकर एडीएम पीयूष सिन्हा और डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम स्थिति को नियंत्रण करने पहुंचे। जमीन के बदले न तो मुआवजा मिला और न नौकरी: ग्रामीण ग्रामीणों ने बताया कि कोचाकुली के ग्रामीणों की जमीन पर एसएनएमएमसीएच बना है और विस्थापितों को जमीन के बदले न तो मुआवजा मिला और न नौकरी। आज जब ग्रामीण दुकान चलाकर अपनी जीविका चला रहे हैं तो ऐसे में एसएनएमएमसीएच की सुरक्षा का हवाला देकर बॉउंड्री कर रास्ते को बंद किया जा रहा है। ग्रामीणों के आने-जाने के लिए रास्ता भी दिया जा रहा है: डीएसपी विधि व्यवस्था डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने बताया कि एसएनएमएमसीएच की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बॉउंड्रीवाल की जा रही है, जिसके बाद आने जाने के लिए एक गेट रहेगा। ग्रामीणों को यही समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके आने जाने के लिए रास्ता भी दिया जा रहा है। बता दें कि सीओ और प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट कि निगरानी में बाउंड्रीवाल का कार्य शुरू किया गया था। ग्रामीणों के हंगामे की आशंका पर भारी संख्या में महिला-पुरुष बल की तैनाती की गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।


